नालंदा: बंद मकान में लाखों की चोरी, 3 लाख नकद और 8 लाख के गहने लेकर फरार हुए चोर

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नूरसराय थाना क्षेत्र के नोसरा गांव में बंद पड़े एक मकान में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर करीब 3 लाख रुपये नकद और लगभग 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।

पीड़ित अरुण कुमार रॉय, जो सेना से सेवानिवृत्त क्लर्क हैं, ने बताया कि उनका परिवार नौकरी के कारण बाहर रहता है। उनके बड़े पुत्र अमरजीत कुमार उद्यान (हॉर्टिकल्चर) विभाग में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर बेगूसराय में कार्यरत हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर रहते हैं। लंबे समय से घर बंद रहने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।

चोरों ने घर के अंदर रखी गोदरेज अलमारी, ट्रंक, लॉकर और श्रृंगार बॉक्स के ताले तोड़ दिए। इसके अलावा ऊपरी मंजिल के कमरों और छत के दरवाजों के ताले भी तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली। घटना के बाद घर का सामान बिखरा हुआ मिला।

घटना का पता तब चला जब पड़ोसियों ने घर का टूटा ताला और बिखरा सामान देखा। उन्होंने तुरंत अरुण कुमार रॉय को सूचना दी। सूचना मिलने पर वे परिजनों के साथ गांव पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया है।