विक्रांत। 77वें, गणतंत्र दिवस के अवसर पर श्री विनोद कुमार, मंडल रेल प्रबंधक, दानापुर के द्वारा जगजीवन स्टेडियम के प्रांगण में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में झंडोत्तोलन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने रेल सुरक्षा बल, स्काऊट एवं गाईड सहित रेलवे स्कूल के बच्चों द्वारा की गई परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा संयुक्त रूप से गणतंत्र के संदेश के प्रतीक के रूप में आसमान में गुब्बारा उड़ाया गया। मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने अपने संबोधन में विगत दिनों मंडल की उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत किया।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान मंडल कला सांस्कृतिक संघ एवं स्काउट एवं गाइड के सदस्यों द्वारा देश भक्ति से ओतप्रोत कई रंगारंग कार्यक्रम तथा झांकी प्रस्तुत की गई। इस झांकी में चिनाब नदी पर बना चिनाब ब्रिज आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर देश के वीर सपूत तिलका मांझी के ऊपर आधारित एक नाटक का मंचन भी किया गया जो दर्शकों को बहुत पसंद आया। इसके अलावा मंडल के अन्य कार्यालयों, मंडल अस्पताल, संस्थानों, डिपो एवं सभी स्टेशनों पर भी झंडोत्तोलन किया गया ।
77वें, गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजीव कुमार सहित सभी अधिकारीगण, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएँ, रेलकर्मी, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहें।
