बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय। 25 जनवरी 2026 को पटना के अधिवेशन भवन, सिंचाई भवन परिसर में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल संचालन के लिए कुंदन कुमार, जिला पदाधिकारी–सह–जिला निर्वाचन पदाधिकारी, नालंदा को प्रशस्ति पत्र एवं चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार नालंदा जिले में निर्वाचन प्रक्रिया के सफल, पारदर्शी, स्वच्छ ,निष्पक्ष संचालन, मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों तथा उत्कृष्ट निर्वाचन प्रबंधन के लिए प्रदान किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यह सम्मान जिले भर के संपूर्ण युवा, महिला, पुरुष, वृद्धजन मतदाताओं, निर्वाचन पदाधिकारियों ,कर्मियों, पुलिस पदाधिकारियों,मीडिया बंधुओं के प्रयास से ही प्राप्त हुआ है।
जिलेभर के मतदाताओं, निर्वाचन से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों, पुलिस प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नालंदा जिला लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि बिहार विधानसभा आम निर्वाचन–2025 के अंतर्गत नालंदा जिला में मतदाता की सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई , जो जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव एवं वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की तुलना में वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में कुल मतदान प्रतिशत में 9.92% स्पष्ट बढ़ोतरी हुई है।
लोकसभा चुनाव 2024 में कुल मतदान 49.89% थी। वर्ष 2020 में नालंदा जिले का कुल मतदान प्रतिशत 52.55 प्रतिशत था, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 59.81 प्रतिशत हो गया है। इस प्रकार कुल मतदान प्रतिशत में 7.25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
महिला मतदाताओं की भागीदारी में विशेष रूप से उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो वर्ष 2020 में 51.71 प्रतिशत से बढ़कर वर्ष 2025 में 60.93 प्रतिशत हो गई है। नालंदा जिला में मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। यह वृद्धि जिले में मतदाता जागरूकता अभियानों एवं निर्वाचन प्रबंधन की सफलता को दर्शाती है।
