बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत गुरुवार को नालंदा में भव्य जागरूकता साइकिल रैली निकाली गई। जिला प्रशासन, नालंदा की ओर से आयोजित इस रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साह के साथ भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

साइकिल रैली का आयोजन जिला खेल पदाधिकारी डॉ. संकेत सुमन सौरभ एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी शालिनी प्रकाश के तत्वावधान में किया गया। सुबह करीब 10 बजे श्रम कल्याण केंद्र मैदान, बिहारशरीफ से रैली की शुरुआत हुई। हाथों में तिरंगा लेकर साइकिल पर सवार छात्र-छात्राएं देशभक्ति के संदेश देते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे।
रैली कारगिल चौक पहुंची, जहां से निर्धारित मार्ग से होते हुए वापस बिहारशरीफ में इसका समापन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने आमजनों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
साइकिल रैली को लेकर शहरवासियों में भी उत्साह देखने को मिला। रास्ते में लोगों ने रैली में शामिल बच्चों का उत्साहवर्धन किया। तिरंगे के साथ साइकिल पर निकले छात्र-छात्राओं ने शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया और लोगों को राष्ट्रीय एकता एवं गौरव का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालयों के शिक्षकों एवं जिला प्रशासन के कर्मियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को हर घर तिरंगा अभियान के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश के गौरव, सम्मान और एकता का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह तिरंगे का सम्मान करे और राष्ट्रभक्ति से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाए।
जिला प्रशासन की ओर से जिलेवासियों से अपील की गई कि वे हर घर तिरंगा अभियान 2026 में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त करें। साथ ही परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी अभियान से जोड़ने में सहयोग करें।
प्रशासन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल घरों पर तिरंगा फहराना नहीं, बल्कि नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान, कर्तव्यबोध, एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना भी है। छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने अभियान को नई ऊर्जा दी है और नालंदा में हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।
