डीएम-एसपी ने किया मणिराम बाबा लंगोट मेला परिसर का निरीक्षण, 29 जुलाई से शुरू होने वाले मेले की तैयारियों का लिया जायजा

नालंदा

सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, बोले— श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : आगामी श्री श्री 108 श्री मणिराम बाबा लंगोट अर्पण एवं लंगोट मेला के सफल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शनिवार को जिला पदाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बाबा मणिराम अखाड़ा ग्राउंड, बिहारशरीफ एवं आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मेला परिसर में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आधारभूत सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लिया।

गौरतलब है कि 29 जुलाई से 6 अगस्त 2026 तक बाबा मणिराम अखाड़ा ग्राउंड में लंगोट मेले का आयोजन होना है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान डीएम उदिता सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान, पर्याप्त पेयजल, नियमित सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए मेला अवधि के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन और मेला आयोजन समिति के बेहतर समन्वय से इस वर्ष भी लंगोट मेले को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी बिहारशरीफ, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला गोपनीय शाखा प्रभारी प्राची रिया, विशेष कार्य पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा मणिराम बाबा लंगोट मेला आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।