-ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ खेलने के लिए भारतीय टीम में चयन, 37 विकेट झटकने का मिला इनाम।
कानपुर, भूपेंद्र सिंह। उत्तर प्रदेश के उभरते मध्यम तेज गेंदबाज अयान अकरम ने अपनी तेज और अनुशासित गेंदबाजी के दम पर भारतीय क्रिकेट में अगला बड़ा कदम बढ़ा दिया है। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ होने वाली आगामी मल्टी-डे सीरीज के लिए अयान को भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में जगह दी गई है। यूपी क्रिकेट के लिए इसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
मूल रूप से सहारनपुर के रहने वाले अयान इस समय उत्तर प्रदेश अंडर-19 टीम के कप्तान भी हैं। 2025-26 सत्र में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से खास पहचान बनाई और भारतीय अंडर-19 क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल रहे। इस दौरान अयान ने 37 विकेट अपने नाम किए।
अयान ने 2025-26 की कूच बिहार अंडर-19 ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की सफलता में अहम भूमिका निभाई। उनकी तेज गति और अनुशासित गेंदबाजी के दम पर यूपी ने लगातार तीन मुकाबलों में जीत दर्ज कर नॉकआउट चरण में प्रवेश किया। चंडीगढ़, छत्तीसगढ़ और असम के खिलाफ भी अयान की गेंदबाजी प्रभावी रही और उन्होंने टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
नवंबर 2025 में हुई अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश से चयनित वह इकलौते खिलाड़ी थे। राष्ट्रीय स्तर के इस टूर्नामेंट में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। लगातार बेहतर प्रदर्शन और तेज गेंदबाजी में सुधार ने उन्हें जूनियर क्रिकेट में अलग पहचान दिलाई।
भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के बीच दो मल्टी-डे मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में, जबकि दूसरा 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के बी ग्राउंड में होगा। इन मुकाबलों में अयान के सामने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी गेंदबाजी की धार दिखाने का बड़ा मौका होगा। अयान के चयन पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला और मोहम्मद फहीम
ने बधाई दी है।
