— गड़बड़ी करने वालों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय: गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल राजगीर के आरआईसीसी भवन में राजगीर मलमास मेला को लेकर नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं पुलिस सुपरिटेंडेंट भारत सोने की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित हुई।
आयोजित बैठक में स्टेक होल्डर्स यथा धर्मशाला संचालकों, होटल मालिक, टांगा सदस्य, वार्ड पार्षद, बैंकर्स, फुटपाथ दुकानदारों, ई रिक्शा चालकों एवं सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे आगामी मलमास मेला का आयोजन 17 मई 2026 से 15 जून 2026 तक राजगीर में निर्धारित है।
ऐतिहासिक मलमास मेला में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। जहां विशेष पूजा अर्चना से पहले राजगीर के ब्रह्मकुंड में स्नान किया जाता है। आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं स्टेक होल्डर्स को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था, विधि व्यवस्था,साफ-सफाई, लाइटिंग,पेयजल, शौचालय, आवासन, यातायात, पार्किंग एवं स्वास्थ्य सुविधाओं आदि की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि राजगीर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्रदान कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। DM ने कहा कि मलमास मेला में भीड़ प्रबंधन एक बड़ी चुनौती है, सड़क किनारे अतिक्रमण किसी भी प्रकार से बर्दाश्त नहीं की जाएगी, सड़क -फुटपाथ- रेड लाइनिंग के पश्चात ही दुकान लगाना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने दुकानदारों के लिए सहानुभूति पूर्वक अपने सुझाव दिए,उन्होंने कहा कि भारत सरकार,बिहार सरकार के SDMA गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करेंगे, मर्यादा का ख्याल रखकर भीड़ प्रबंधन नियमों का पालन सुनिश्चित करेंगे । तांगा संचालक द्वारा बताया गया कि तांगा स्टैंड में छांव की व्यवस्था पेयजल की व्यवस्था की जाए ।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रही है कि मेला में आने वाले श्रद्धालुओं के कठिनाई को कैसे कम किया जाए। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि मेले के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मलमास मेला के अवसर पर संपूर्ण मेला क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर विधि व्यवस्था सुदृढ़ हर हाल में सुनिश्चित करेंगे।
चोर उचक्के, गड़बड़ी करने वालों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे । जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों एवं संबंधित संस्थाओं से अपील की है कि मलमास मेला 2026 को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
