सेंट्रल डेस्क। भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन यानी IRCTC ने अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन आम लोगों के लिए लॉन्च कर दिया है. इस बीटा वर्जन के जरिए यात्री वेबसाइट के नए डिजाइन और फीचर्स का अनुभव कर सकेंगे और अपने सुझाव भी दे सकेंगे. नई वेबसाइट का बीटा वर्जन https://www.irctc.co.in/eticket/ पर उपलब्ध होगा. इसके अलावा मौजूदा IRCTC वेबसाइट के होमपेज पर भी बीटा वर्जन का लिंक दिया गया है.
रेल मंत्रालय के मुताबिक, वेबसाइट में किए गए कई अहम सुधार MNIT, जयपुर के छात्रों के सुझाव पर हुए हैं. छात्रों ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई बातचीत के दौरान कई सुझाव दिए थे, जिसके बाद छात्रों को वेबसाइट के डिजाइन और यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने की प्रक्रिया का हिस्सा बनाया गया था. आपको बता दें कि IRCTC की मौजूदा वेबसाइट साल 2002 में शुरू हुई थी और वर्तमान में इस पर प्रतिदिन औसतन करीब 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग होती है.
नई वेबसाइट में क्या होगा खास?
नई वेबसाइट को ज्यादा आसान, तेज और यूजर्सफ्रेंडली बनाया गया है. बीटा वर्जन में चार बड़े बदलाव किए गए हैं.
बेहतर इंटरफेस: गैर जरूरी कैप्चा, पॉप-अप, फ्लैशिंग ग्राफिक्स और ध्यान भटकाने वाले एलिमेंट्स को हटाया गया है.
सभी श्रेणियों में सीट उपलब्धता: यात्रियों को एक ही स्क्रीन पर अलग अलग क्लासों में सीटों की अवेलबिलिटी दिखाई देगी.
तेज टिकट बुकिंग: टिकट बुक करने की प्रक्रिया में स्टेप्स की संख्या भी कम की गई है, जिससे चेकआउट पहले से और तेज होगा.
दोबारा बुकिंग आसान: यात्रियों की सेव की गई जानकारी पहले से मौजूद रहेगी, जिससे बार-बार अपना डिटेल्स भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
रेल मंत्रालय ने बताया कि बीटा वर्जन का ये मकसद है कि यात्रियों से सुझाव और फीडबैक प्राप्त करना है, ताकि फाइनल एडिशन को और बेहतर बनाया जा सके और यात्रियों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर वेबसाइट में आगामी अपडेट भी किए जाएंगे, जिससे यूजर्स का अनुभव बेहतर हो सकेगा.
इसके अलावा रेलवे समानांतर रूप से अपने Passenger Reservation Engine (PRE) का भी आधुनिकीकरण कर रहा है, क्योंकि यही सिस्टम अलग अलग ट्रेन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स को संचालित करता है और इसे भी जल्द लॉन्च किया जाएगा. रेल मंत्रालय का कहना है कि नई IRCTC वेबसाइट और नया Passenger Reservation Engine पूरी तरह एकीकृत होने के बाद यात्रियों को पहले की तुलना में ज्यादा तेज, आसान और आधुनिक ऑनलाइन टिकट बुकिंग का अनुभव मिलेगा.
इसके लिए पूरे तरीके से रूप से काम करने वाला नया IRCTC पोर्टल अगले कुछ हफ्ते में उपलब्ध करा दिया जाएगा. इसके साथ ही रेलवे ने सभी यूजर्स से नई वेबसाइट का इस्तेमाल करने और अपने सुझाव साझा करने की अपील की है.
