पटना में नौकरी कर रहे युवक के तीन मंजिला मकान को बनाया निशाना, पुलिस जांच में जुटी
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : हरनौत थाना क्षेत्र के रुपसपुर गांव में अज्ञात चोरों ने बंद पड़े एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय अजय कुमार के पुत्र जीतेंद्र कुमार, जो पटना की एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर हैं, सप्ताह में कभी-कभी अपने गांव स्थित घर आते थे।

इसी दौरान चोरों ने जीडीएम कॉलेज के समीप स्थित उनके तीन मंजिला मकान के दो कमरों का ताला कटर मशीन से काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर जीतेंद्र कुमार गांव पहुंचे। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच में करीब 12 भर सोने के जेवरात, 2.50 लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान गायब मिले। पीड़ित का आरोप है कि चोर रेलिंग के रास्ते घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।
