बीपी डेस्क। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने हाल ही में राजनीति में काम करने वाली महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था. इस पर खूब सियासत हुई थी. इस बीच आज (रविवार) बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने भी बड़ी बात कह दी.
वे गयाजी में पत्रकारों से बात कर रही थीं. मैथिली ठाकुर ने निर्दलीय विधायक पप्पू यादव के बयान पर कहा, “बहुत अभद्र टिप्पणी है… मैं खुद ऐसे परिवार से आती हूं जहां हम इस पर विचार करते हैं कि जहां हम जा रहे हैं वहां का माहौल कैसा है. मेरे पिता ने भी भरोसा करके ही मुझे राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया…”
मैथिली ने कहा, “महिला नेताओं के ऊपर उन्होंने इतना बड़ा लांछन लगाया है… मुझे लगता है कि ऐसे लोगों को माफी मांगनी चाहिए. हालांकि मुझे नहीं लगता कि यदि वे माफी मांगें भी तो हम उन्हें माफ कर पाएंगे क्योंकि उन्होंने बहुत बड़ा आघात किया है.
एक सवाल पर बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि पप्पू यादव ने जो कहा है मैं उसे रिपीट भी नहीं कर सकती. मैथिली ने आगे कहा, “पप्पू यादव की मानसिकता देखिए, उन्होंने 90 प्रतिशत कहा है… 10 परसेंट भी क्यों छोड़े… 100 प्रतिशत ही बोल दीजिए… जब आपके घर में खुद एक महिला (रंजीत रंजन) नेत्री हैं तो कैसे आप पूरे समाज के बारे में कीचड़ उछाल सकते हैं?”
