मुख्यमंत्री ने जमुहार में ‘युवा संवाद कार्यक्रम का किया शुभारंभ, युवाओं से विकसित भारत एवं समृद्ध बिहार के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान

पटना

मुख्यमंत्री ने ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा के यात्रियों का अभिनंदन किया और उनके सेवा भाव एवं समर्पण की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को समृद्ध बनाए बिना विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। राज्य में सड़क, एयरपोर्ट, सिंचाई, जल प्रबंधन, महिला सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 तक बिहार से मजबूरी में मजदूरी के लिए बाहर जाने की स्थिति समाप्त करने का प्रयास है। युवाओं और उद्यमियों से बिहार में रोजगार एवं निवेश के अवसर बढ़ाने में योगदान देने की अपील की।

पटना, बीपी डेस्क। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज रोहतास जिले के जमुहार (डेहरी ऑन-सोन) स्थित नारायण मेडिकल एवं कॉलेज परिसर में ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत आयोजित ‘युवा संवाद कार्यक्रम’ का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, पौधा एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने सेवा यात्रा में शामिल यात्रियों को पुष्पगुच्छ प्रदान कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा यात्री लगभग पिछले 20 दिनों से अपने परिवार से दूर रहकर वडनगर से वाराणसी तक की यात्रा कर रहे थे। उन्होंने सभी सेवा यात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके सेवा भाव और समर्पण की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा भाव के साथ आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य लेकर निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के इस संकल्प से जुड़ने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले और वर्ष 2014 के बाद के भारत में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक कार्य हुए हैं। उन्होंने युवाओं से देश में हो रहे बदलावों को समझने और विकसित भारत के लक्ष्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने देश की रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर अखंड भारत की नींव को मजबूत किया। उन्होंने डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान’ के विरोध के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाया जाना उस संकल्प की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने इस विषय को अपने संकल्प से जोड़े रखा और अपने कमिटमेंट से पीछे नहीं हटी। उन्होंने कहा कि सेवा भाव और संकल्प के साथ कार्य करना राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को समृद्ध बनाए बिना विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क एवं परिवहन सुविधाओं के विस्तार के साथ सिंचाई और जल प्रबंधन को मजबूत किया जा रहा है। बिहार में सिंचित क्षेत्र लगभग 21 लाख हेक्टेयर से बढ़कर लगभग 44 लाख हेक्टेयर हुआ है। उत्तर बिहार में बाढ़ और दक्षिण बिहार में सुखाड़ की समस्या को देखते हुए जल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बिहार में एयर कनेक्टिविटी का भी विस्तार हुआ है। दरभंगा और पूर्णिया में हवाई सेवा शुरू हुई है तथा 2029 से पहले राज्य में 10 एयरपोर्ट संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है। पटना से सासाराम फोरलेन सड़क निर्माण की दिशा में भी कार्य शुरू होने वाला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की लगभग 87 प्रतिशत आबादी गांवों में रहती है और जीविका दीदियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके साथ गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि वर्ष 2030 तक बिहार का कोई व्यक्ति मजबूरी में मजदूरी करने के लिए राज्य से बाहर न जाए। राज्य में बेहतर रोजगार एवं निवेश के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बिहार से बाहर कार्य कर रहे उद्यमियों से अपनी जन्मभूमि में भी निवेश करने और राज्य के विकास में योगदान देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेयजल, शौचालय, उज्ज्वला योजना एवं गरीबों के पक्के मकान जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनसुविधाओं के विस्तार से आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से बिहार के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि बिहार सुरक्षित है और देश-दुनिया के लोगों का बिहार में स्वागत है। उन्होंने सभी से समृद्ध एवं विकसित बिहार के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम को उद्योग एवं खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, मध्य प्रदेश के सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा, भाजपा के संगठन महामंत्री श्री भीखू भाई दलसानिया तथा पूर्व सांसद श्री गोपाल नारायण सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक श्री त्रिविक्रम नारायण सिंह, विधान पार्षद श्री दिलीप कुमार सिंह, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जितेंद्र सिंह, रोहतास भाजपा जिलाध्यक्ष श्री संतोष पटेल, औरंगाबाद भाजपा जिलाध्यक्ष श्री विजेंद्र चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।