पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की जीत से एनडीए में उत्साह, संजयकांत सिन्हा बोले- मतदाताओं ने दबंगई को नकारा

बिहारशरीफ

Biharsharif/ Avinash pandey:। बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार की जीत के बाद एनडीए कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उनकी जीत पर जदयू प्रदेश महासचिव संजयकांत सिन्हा ने बुके देकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मोकामा विधायक अनंत सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मतदाताओं ने दबंगई की राजनीति को नकार दिया है।

संजयकांत सिन्हा ने कहा कि तमाम विरोधों के बावजूद नीरज कुमार ने जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि लोकतंत्र में मतदाता ही सर्वोपरि हैं। किसी का दबाव या प्रभाव मतदाताओं के फैसले से बड़ा नहीं हो सकता। उन्होंने नीरज कुमार की जीत को जनता के विश्वास की जीत बताया।

अनंत सिंह ने कहा, जनता मालिक है

पटना स्नातक सीट पर जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें मोकामा विधायक अनंत सिंह का समर्थन प्राप्त था। चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने कहा, “गिनती खत्म हो गई है। जनता मालिक है। जिसको वोट दिया, वह जीता और जिसको नहीं दिया, वह हारा।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

एनडीए नेताओं ने दी बधाई

नीरज कुमार की जीत पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार, जदयू नेता इंजीनियर रवि शंकर, रोहित सिंह, रौशन कुमार, कुशेश्वर सिंह, कक्कू सिंह, अवधेश सिंह, गौतम कुमार और संतोष सिंह ने बधाई दी। वहीं, भाजपा नेता सनी कुमार पटेल, आशुतोष कुमार, वरुण पांडे, मुकेश कुमार और शोभा देवी सहित दर्जनों एनडीए कार्यकर्ताओं ने भी खुशी जाहिर की।

गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। मतगणना 27 अक्टूबर से शुरू हुई, जबकि कुछ सीटों के परिणाम 28 अक्टूबर को घोषित किए गए। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार की जीत को जदयू और एनडीए के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक सफलता माना जा रहा है।