अंतिम सोमवारी पर गुप्ताधाम में होगी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा

सासाराम

सासाराम /अरविन्द कुमार सिंह/ रोहतास। श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर सावन की अंतिम सोमवारी को ऐतिहासिक गुप्ताधाम में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष आयोजन किया जाएगा। आगामी 24 अगस्त, सोमवार को करमचट डैम से गुप्ताधाम जाने वाले कांवरिया पथ और गुप्ताधाम परिसर में हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुष्पवर्षा की जाएगी।

पुष्पवर्षा कार्यक्रम को लेकर शनिवार को जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक राज और वन प्रमंडल पदाधिकारी स्टालिन फिडल कुमार के. ने संयुक्त रूप से गुप्ताधाम और कांवरिया पथ का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और पुष्पवर्षा कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि अंतिम सोमवारी के दिन सुबह के समय हेलीकॉप्टर से कांवरिया पथ और गुप्ताधाम परिसर में पुष्पवर्षा प्रस्तावित है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि गुप्ताधाम रोहतास जिले की महत्वपूर्ण धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान है। श्रावणी मेला के दौरान यहां दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवरिया पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं के उत्साह को और विशेष बनाने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग, बिहार सरकार की ओर से हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की योजना बनाई गई है।

पुष्पवर्षा कार्यक्रम को देखते हुए संबंधित क्षेत्र को ड्रोन उड़ाने के लिए नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और भीड़ नियंत्रण के लिए व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।