ताला तोड़कर नकदी, सोने के जेवरात, इन्वर्टर और बैटरी की चोरी; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
Biharsharif / Avinash pandey: सोहसराय थाना क्षेत्र के मगध कॉलोनी स्थित परविंदर एंटरप्राइजेज के क्षेत्रीय कार्यालय में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मुख्य दरवाजे और अंदर के कमरों का ताला तोड़कर 35 लाख 60 हजार रुपये नकद, सोने के जेवरात, इन्वर्टर और बैटरी लेकर फरार हो गए। शुक्रवार को पेंटिंग करने पहुंचे मजदूरों ने ताला टूटा देखकर घटना की जानकारी कंपनी के प्रोपराइटर को दी।
परविंदर एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर अरविंद कुमार सिन्हा, मूल निवासी जगदीशपुर, ने सोहसराय थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वह परिवार के साथ पटना के कंकड़बाग में रहते हैं। कार्यालय में रंग-रोगन का काम चल रहा था।
अरविंद कुमार सिन्हा के अनुसार, आचार संहिता लागू होने के कारण उन्होंने गुरुवार दोपहर कार्यालय के एक कमरे में 35 लाख 60 हजार रुपये रखे थे। इसमें 500 रुपये के 33 लाख, 200 रुपये के दो लाख और 100 रुपये के एक लाख 60 हजार रुपये शामिल थे। निजी कारणों से वह रात में कार्यालय में नहीं रुक सके और पटना चले गए।
इसी दौरान चोरों ने उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर कमरे का ताला तोड़ दिया। नकदी के अलावा अलमारी में रखे दो जोड़ी सोने के झुमके, एक सोने की सिकड़ी, इन्वर्टर और बैटरी भी चोरी कर ली।
घटना की सूचना पर सोहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चोरी गए सामान और नकदी की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
