— रोटरी क्लब ऑफ तथागत और रेड ब्रिगेड के संयुक्त आयोजन में छात्राओं को मिला आत्मरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण, प्रतिभागियों को दिए गए प्रमाण-पत्र
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : रोटरी क्लब ऑफ तथागत, बिहारशरीफ एवं रेड ब्रिगेड, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम “मुक्कामार” का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में सफल समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, साहस, आत्मनिर्भरता और विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने की क्षमता विकसित करना था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेंट जोसेफ एकेडमी, माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल, नालंदा विद्या मंदिर (पतासंग), आशा मेमोरियल स्कूल, सीता शरण मेमोरियल स्कूल, करियर पब्लिक स्कूल, गुरुकुल विद्यापीठ, एस.ए.एम. सेकेंडरी स्कूल, नालंदा जूनियर्स एकेडमी, यूनिटी इंटरनेशनल स्कूल तथा कैम्ब्रिज स्कूल की सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तीन दिनों तक रेड ब्रिगेड की प्रशिक्षक टीम ने छात्राओं को विभिन्न परिस्थितियों में आत्मरक्षा के व्यावहारिक और प्रभावी तरीके सिखाए।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि रोटेरियन चंदना चौधरी एवं रोटेरियन विजय आनंद ने कहा कि आज के दौर में आत्मरक्षा प्रत्येक बालिका के लिए एक आवश्यक जीवन कौशल बन चुकी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनाते हैं।
इस अवसर पर रोटेरियन रश्मि नारायण, डॉ. अरविंद कुमार सिन्हा, डॉ. सुनीति सिन्हा, इंदु वर्मा, ऋषभ जैन, अमित भारती, संजीव दास और डीसी सुचांति सहित उपस्थित अतिथियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा रोटरी क्लब ऑफ तथागत की इस सामाजिक पहल की सराहना की।
क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन महेश लोहानी ने कार्यक्रम की सफलता पर रेड ब्रिगेड की संस्थापक उषा विश्वकर्मा एवं उनकी पूरी टीम, सभी विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, छात्राओं, अभिभावकों, रोटरी सदस्यों, सहयोगी संस्थाओं और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए रोटरी क्लब भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन में क्लब के सचिव रोटेरियन डॉ. नीरज कुमार, परियोजना अध्यक्ष रोटेरियन रूबी सिन्हा, रोटेरियन रश्मि दास, रोटेरियन कुमारी किरण तथा क्लब के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन समारोह में सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, छात्राओं, अभिभावकों, रेड ब्रिगेड टीम, सहयोगी संस्थाओं तथा रोटरी परिवार के सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
