सहयोग शिविर: तीन माह के दौरान प्राप्त हुए 96 फीसदी मामलों का हुआ निष्पादन

पटना
  • पंचायतों में प्रत्येक महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को आयोजित होता है सहयोग शिविर
  • प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री खुद करते हैं जनसमस्याओं का समाधान
  • अब तक राज्य के 5633 पंचायतों में लग चुके हैं सहयोग शिविर, आगे भी रहेगा जारी

बीपी डेस्क। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार लोगों की समस्याओं के शीघ्र समाधान कराने के उदेश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर का आयोजन कर रही है। मई महीने मध्य से शुरू हुए इस कार्यक्रम में अब तक तीन महीनों के दौरान राज्य की 6 हजार 533 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन हो चुका है। अब तक कुल 6 लाख 46 हजार 181 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें से 6 लाख 20 हजार 30 मामलों का निष्पादन हो चुका है, जो कुल आए आवेदनों के करीब 96 फीसदी है। फिलहाल सिर्फ 4 फीसदी मामले ही लंबित हैं। आने वाले एक-दो सहयोग शिविरों में राज्य की सभी 8 हजार 32 पंचायतों में इसका आयोजन कर लिया जाएगा। राज्य के सभी 534 प्रखंडों में यह शिविर आयोजित हो चुकी है।

विदित हो कि राज्य सरकार के आदेश पर राज्य के सभी पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। लोगों की हर प्रकार की समस्याओं का समाधान इन शिविरों में त्वरित गति से हो रहा है। सहयोग शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का निपटारा करने की अवधि 30 दिन निर्धारित की गई है। ताकि लोगों को कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। इसकी नियमित मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री सचिवालय से की जा रही है। सहयोग शिविर के जरिए प्राप्त आवेदनों के निष्पादन करने वाले टॉपटेन जिलों में क्रमश: शेखपुरा, सहरसा, शिवहर, खगड़िया, भोजपुर, जमुई, गोपालगंज, अरवल, पश्चिम चम्पारण और बांका शामिल है।

19 मई को मुख्यमंत्री ने की थी इस शिविर की शुरूआत

विदित हो कि बिहारवासियों की समस्याओं का त्वरित गति से निष्पादन करने के लिए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने 19 मई 2026 को सारण जिले के सोनपुर प्रखंड स्थित डुमरी बुजुर्ग गांव से सहयेाग शिविर की शुरूआत की थी। यह शिविर प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायतों में आयोजित किये जा रहे हैं। वहीं दूसरे मंगलवार को राज्यस्तरीय शिविर का आयोजन किया जाता है, जिसमें खुद मुख्यमंत्री लोगों की समस्याओं को सुनते है।

राज्य के पंचायतों में लगातार आयोजित होंगे सहयोग शिविर
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर राज्य के सभी पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन लगातार जारी रहेगा। राज्य के 8 हजार 32 पंचायतों में से 6 हजार 533 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन हो चुका है। बाकी बचे पंचायतों में आने वाले दिनों में सहयोग शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

पंचायत में ही जनसमस्याओं का समाधान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल पर राज्य में पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर लगने से लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव के पास ही आसानी से हो रहा है। इन सहयोग शिविरों में जनता से जुड़ी सभी प्रकार की समस्याओं का निराकरण अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। इससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिल रही है। साथ ही, लोगों का समय, पैसे की बचत के साथ ही लोगों को परेशानी से भी निजात मिल रही है। सरकार की इस पहल से राज्य की बड़ी आबादी सुकून महसूस कर रही है और तनावमुक्त होकर लोग अपने दिनचर्या में लगे हुए हैं।

अनवरत जारी रहेगा सहयोग शिविर

आपको बता दें कि राज्य के सभी पंचायतों में शिविर लगने के बाद भी इसे बंद नहीं किया जाएगा। लोगों की समस्याओं का शीघ्र निपटारा कराने के लिए सहयोग शिविर लगातार आयोजित किये जाएंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का ससमय समाधान हो सके।