कोचस प्रखंड-अंचल कार्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश

सासाराम

सासाराम /अरविन्द कुमार सिंह। जिला पदाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्रा ने बुधवार को प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, कोचस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न संचिकाओं व अभिलेखों के रख-रखाव तथा लंबित मामलों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। डीएम ने सभी संचिकाओं एवं अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय पहुंचे लोगों से डीएम ने उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके बाद डीएम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रखंड एवं अंचल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में संचालित सरकारी योजनाओं की प्रगति और जनसमस्याओं की जानकारी ली। बैठक में राशन वितरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जीवन प्रमाणीकरण, कन्या विवाह योजना, ट्राइसाइकिल वितरण, कैश बुक, समापन एवं नीलामी तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) सहित विभिन्न कार्यों से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी लंबित मामलों को चिह्नित कर समयबद्ध तरीके से निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यालय के आगत एवं निर्गत पंजी की भी जांच की।

पीएम सूर्य घर योजना की भी समीक्षा

पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने आम लोगों को योजना से मिलने वाले लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया। बिजली विभाग के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने अंचलाधिकारी को आरटीपीएस के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को प्रमाण पत्र एवं अन्य सेवाओं के लिए कार्यालय का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े। अधिकारियों और कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता से निर्वहन करने को भी कहा।