प्रभात कुमार। बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. मोकामा विधायक अनंत सिंह के पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मैदान में आने के बाद जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पूरे मामले का हल निकालने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को सौंप दी है. संजय झा ने कहा कि ललन सिंह, अनंत सिंह और नीरज कुमार दोनों से बात कर इस विवाद का समाधान निकालेंगे. क्योंकि यह पूरा मामला उनके ही लोकसभा क्षेत्र से जुड़ा है.
इससे पहले, इस मामले को लेकर गुरुवार को जदयू की नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई थी. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में ही यह तय किया गया कि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को दी जाए. इसके बाद पार्टी ने पूरे मामले का समाधान निकालने की जिम्मेदारी ललन सिंह को सौंप दी.
वहीं पटना स्नातक स्तरीय एमएलसी चुनाव को लेकर जदयू के दो कद्दावर नेताओं अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच का विवाद बंद कमरे से बाहर आने के बाद अब पार्टी इस पूरे मामले का समाधान निकालने में जुट गई है. वहीं, अनंत सिंह ने बागी तेवर अख्तियार करते हुए खुले जीप पर सवार होकर जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के नामांकन में पूरे दमखम के साथ हिस्सा लिया. इससे उन्होंने साफ कर दिया है कि इस मुद्दे पर वह आर-पार के मूड में हैं.
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वह जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार को चुनाव में हराएंगे. अनंत सिंह ने जदयू नेता और पटना स्नातक स्तरीय एमएलसी चुनाव के प्रत्याशी नीरज कुमार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि नीरज कुमार ने ही उनके घर में एके-47 रखवाकर उन्हें जेल भिजवाया था. अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार हर बार चुनाव में उन्हें हराने की कोशिश करते हैं.
अनंत सिंह ने आगे दावा किया कि इस मामले में आरसीपी सिंह ने नीरज कुमार की मदद की थी. उन्होंने कहा कि आरसीपी सिंह कभी नीरज कुमार के राजनीतिक गुरु हुआ करते थे, लेकिन अब नीरज कुमार उन्हें भी गाली देते हैं. अनंत सिंह के आरोपों पर जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने पलटवार किया.
उन्होंने कहा कि अनंत सिंह मानसिक रूप से परेशान हैं. नीरज कुमार ने कहा कि पार्टी ने “अनंत सिंह पर दया करते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया था.” उन्होंने आगे कहा, “कौन मुझे नेता बनाया है? समता पार्टी में अनंत सिंह का जन्म कब हुआ है? अनंत सिंह तो नीतीश कुमार जी के खिलाफ आपत्तिजनक बातें बोलने वाले व्यक्ति हैं.”
