बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहारशरीफ के ऐतिहासिक बाबा मणिराम अखाड़ा में आयोजित होने वाला आठ दिवसीय लंगोट अर्पण मेला बुधवार से श्रद्धा और आस्था के माहौल में शुरू हो गया। मेले का विधिवत शुभारंभ जिला प्रशासन, नालंदा की ओर से बाबा मणिराम की समाधि पर पहली लंगोट अर्पित कर किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी किसलय श्रीवास्तव सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी अपने सिर पर लंगोट का थाल लेकर बाबा मणिराम मंदिर पहुंचे। सभी अधिकारियों ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया और जिले की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
इस मौके पर जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कहा कि बाबा मणिराम का लंगोट अर्पण मेला जिले की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य और यातायात की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रशासन का प्रयास है कि सभी श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में दर्शन-पूजन कर सकें।
वहीं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने कहा कि मेले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।
आठ दिनों तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बाबा मणिराम की समाधि पर लंगोट अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करेंगे। मेले को लेकर पूरे अखाड़ा परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
