बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : तेलमर थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चौकीदार एवं गुंडा परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना रहा।
तेलमर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि गुंडा पंजी में दर्ज एवं आपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों को थाना परिसर में बुलाकर उनकी हाजिरी ली गई। इस दौरान उनकी वर्तमान गतिविधियों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता से संबंधित जानकारी की भी जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने परेड में शामिल लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक या अवैध गतिविधि से दूर रहें। कानून का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं चौकीदार परेड के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष ने चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपराधिक घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना पुलिस को देने का निर्देश दिया।
तेलमर थाना क्षेत्र के तेलमर, ललुआडीह, बेजापति, जीवनपुर, जगतपुर, सोराडीह, भेड़िया, विरेयापर, बेढ़ना, गोसाईमठ, न्याखंदा, मोहनखंदा, काजीपुर, भोजपुर, पाकड़, मुस्ताफापुर, नूरनगर, छिड्डी, वनगच्छा, पनपनमा, हृदनबिगहा सहित विभिन्न गांवों में चौकीदारों को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया।
पुलिस ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जाएगी। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील ग्रामीणों से भी की गई है।
