बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : 4 अगस्त 2026 को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जिले के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने दोपहिया, चारपहिया तथा अन्य वाहनों की सघन जांच की।

इस दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के विशेष जांच अभियान का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना, हथियार, शराब एवं अन्य गैरकानूनी सामान की तस्करी पर रोक लगाना तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।
नालंदा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, यातायात नियमों का पालन करें और जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष वाहन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
