नालंदा में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : छबिलापुर थाना क्षेत्र के केशरी बिगहा गांव में शनिवार देर रात घर में घुसकर 45 वर्षीय छोटे यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान केशरी बिगहा निवासी छोटे यादव (45) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घटना के समय छोटे यादव घर में सो रहे थे। तभी देर रात चार से पांच हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए और उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।

मृतक के बेटे गोलू कुमार ने धीरज, बंटी, बीरेंद्र, राजीव और भूषण को नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनके पिता घर में सो रहे थे और वह भी पास में मौजूद थे। अचानक हथियारबंद लोग घर में घुसे और बिना कुछ कहे गोली मार दी। उनका आरोप है कि पंचायत चुनाव और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि उनके चचेरे भाई की भी पहले हत्या हो चुकी है।

जानकारी के अनुसार, करीब चार वर्ष पहले गांव में धीरज के पिता मुन्नी यादव की हत्या हुई थी। उस मामले में छोटे यादव आरोपी थे और जेल भी गए थे। करीब चार महीने पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आए थे। पुलिस प्रारंभिक जांच में पुरानी अदावत को हत्या का संभावित कारण मान रही है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

घटना की सूचना शनिवार देर रात करीब एक बजे पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही छबिलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को घटनास्थल पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

डीएसपी ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।