नालंदा: डीएम ने किया जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : जिलाधिकारी उदिता सिंह ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), राशन कार्ड, राजस्व महा-अभियान तथा डिग्री कॉलेजों से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार एवं नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राथमिकता दें।

स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) एवं अन्य परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों एवं नगर निकायों को आवश्यक भूमि की शीघ्र पहचान कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे कचरा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था विकसित होगी और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था और मजबूत होगी।

राशन कार्ड से संबंधित लंबित मामलों, नए आवेदनों एवं त्रुटियों के सुधार की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पात्र लाभुकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर राशन कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपात्र मामलों का नियमानुसार निष्पादन तथा राशन कार्ड संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

राजस्व महा-अभियान की समीक्षा के दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमाबंदी, भू-अभिलेखों के अद्यतन, भूमि विवादों के निष्पादन एवं अन्य राजस्व मामलों की प्रगति का आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश देते हुए राजस्व सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।

बैठक में जिले के विभिन्न डिग्री कॉलेजों से संबंधित आधारभूत संरचना, भूमि उपलब्धता एवं निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए।