Biharsharif/Avinash pandey : बिहारशरीफ नगर निगम के नगर आयुक्त की अध्यक्षता में राजस्व शाखा में राजस्व वसूली से संबंधित कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी कर-संग्रहकर्ताओं, सहायक कर पदाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी एवं राजस्व प्रबंधक शामिल हुए।
बैठक में नगर निगम क्षेत्र की दुकानों की जांच कर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि दुकानें किस आधार पर संचालित हो रही हैं। दुकानों से संबंधित विवरण 10 दिनों के अंदर उपलब्ध कराने को कहा गया।
वहीं, निगम क्षेत्र में चल रहे होल्डिंग बोर्ड का सर्वे कर अवैध रूप से संचालित होल्डिंग बोर्ड के संचालकों को नोटिस देने तथा नियमानुसार जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया गया। राजस्व वसूली में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले कर-संग्रहकर्ताओं की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई।
बैठक में घर-घर जाकर टैक्स वसूली, सामुदायिक भवनों की ऑनलाइन बुकिंग तथा मोबाइल एसएमएस के माध्यम से करदाताओं को नियमित सूचना उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित कर्मियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।
