नालंदा: पथराव और फायरिंग से दहला इलाका; चार घायल, भारी पुलिस बल तैनात

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पाण्डेय। सिलाव थाना क्षेत्र के मितमा गांव में शुक्रवार को एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आषाढ़ी पूजा के बाद शुरू हुए विवाद में जमकर पथराव और फायरिंग हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान (विम्स), पावापुरी रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह विवाद दो दिन पहले आषाढ़ी पूजा के दौरान शुरू हुआ था। स्थानीय परंपरा के अनुसार अच्छी वर्षा और अच्छी फसल की कामना के लिए ग्राम देवी शक्ति की पूजा की जाती है। बुधवार को पूजा के दौरान मितमा गांव में दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट और तोड़फोड़ हुई, जिसमें एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गए थे, जबकि दूसरे पक्ष के घर में तोड़फोड़ कर तीन ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे।

इस मामले में दोनों पक्षों ने सिलाव थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया जाता है कि बुधवार की घटना के दौरान वहां से गुजर रहा मितमा मुशहरी गांव के एक युवक भी घायल हो गया । इसी घटना के बाद तनाव लगातार बना हुआ था।शुक्रवार सुबह तनाव ने हिंसक रूप ले लिया। कुछ लोगों ने कड़ाह मोड़ स्थित मितमा गांव निवासी मुंचुन राम की दुकान में तोड़फोड़ की और उनके घर पर पथराव किया।

इस हमले में मुंचुन राम समेत तीन लोग घायल हो गए। इसके बाद चंद्रवंशी समाज के लोग भी आक्रोशित हो गए और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया और कई राउंड फायरिंग भी हुई। फायरिंग के दौरान मितमा मुशहरी गांव के एक युवक की गर्दन को छूते हुए गोली निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया।

घायल गोपाल मांझी ने बताया कि विवाद पूजा के समय से ही चला आ रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चे का इलाज कराने के दौरान रास्ते में उन्हें घेरकर गोली चलाई गई और मारपीट की गई, जिसमें कई लोग घायल हुए। वहीं घायल मुंचू कुमार ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में लोगों ने उनके घर पर हमला कर दरवाजे तोड़े, ईंट-पत्थर चलाए और रास्ते में मिलने वाले लोगों के साथ भी मारपीट की।

घटना की सूचना मिलते ही सिलाव, बेन, नालंदा, कतरीसराय और गिरियक थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। राजगीर डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और गांव में फ्लैग मार्च किया। डीएसपी ने बताया कि घटना के दौरान छह राउंड फायरिंग हुई है तथा घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है।