विनय पांडेय। सारण जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर लगातार किए जा रहे हैं। प्रभावित लोगों के लिए आश्रय स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा सामुदायिक किचन के माध्यम से भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
साथ ही, पशु कैंप के माध्यम से पशुओं के संरक्षण एवं चिकित्सा की व्यवस्था, मोबाइल मेडिकल टीमों द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं तथा बाढ़ सुरक्षात्मक एवं मरम्मती कार्य लगातार जारी हैं। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार सभी जरूरी संसाधन एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला प्रशासन ने आमलोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और सुरक्षित रहें तथा बाढ़ की स्थिति में प्रशासन द्वारा बनाए गए आश्रय स्थलों में आएं। आमजन से अनुरोध है कि बाढ़ से संबंधित किसी भी परिस्थिति में जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन करें, अनावश्यक रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन न करें तथा स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
