बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिले के बेन प्रखंड के अरावां स्थित मां बच्चन देवी टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में रविवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह में कॉलेज के 150 बीएड एवं लॉ के 60 विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक डिग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में सावन महोत्सव का भी आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिया।
समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. मनोज कुमार एवं कॉलेज के निदेशक प्रफुल्ल कुमार आजाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर प्रो. मनोज कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र के निर्माता होते हैं। एक योग्य शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि उनमें नैतिकता, संस्कार और सामाजिक दायित्व का बोध भी कराता है। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थित यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दे रहा है।
उन्होंने कॉलेज परिसर में प्रयोगशाला, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास सहित अन्य शैक्षणिक संसाधनों का जायजा लिया। निदेशक प्रफुल्ल कुमार आजाद उर्फ गिरधारी जी ने कहा कि डिग्री महज कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। प्रशिक्षित विद्यार्थी समाज में जाकर ज्ञान की ज्योति फैलाएं और अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें।
सावन महोत्सव के दौरान छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद संगीत, नृत्य एवं सामूहिक गायन की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में सचिव प्रियंका कुमारी, प्राचार्य दुष्यन्त कुमार चौधरी, नंदिनी कुमारी, ब्रजेश कुमार यादव, जुली कुमारी, पिंकू सिंह, विपिन कुमार, मुकेश कुमार सिंह समेत कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
