लूट में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल बरामद, दूसरा आरोपी पहले से हिलसा जेल में बंद
Biharsharif /Avinash pandey। परवलपुर और पीरविगहा थाना क्षेत्रों में हुई लूटपाट की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं, एक अन्य आरोपी पहले से हिलसा उपकारा में बंद है, जिसे रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।
डीएसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि पहली घटना 14 जुलाई 2026 को परवलपुर थाना क्षेत्र के मुरगांवां रोड पर विक्रमपुर के पास हुई थी। यहां बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट की थी। इस संबंध में परवलपुर थाना कांड संख्या 122/26 दर्ज किया गया था।
वहीं, दूसरी घटना 21 अगस्त 2026 को पीरविगहा थाना क्षेत्र के रामपुर मैदान के पास हुई थी। यहां बाइक सवार दो बदमाशों ने लूटपाट की थी। इस मामले में औंगारी पीरविगहा ओपी कांड संख्या 62/26 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
तकनीकी जांच के आधार पर हुई गिरफ्तारी
दोनों घटनाओं के उद्भेदन के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने औंगारी धाम निवासी राजकुमार उर्फ राजा, पिता राजू कुमार राउत को गिरफ्तार किया। एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और एक अन्य मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, अप्राथमिकी अभियुक्त अभिषेक कुमार उर्फ गोलू, पिता राजकुमार, औंगारी थाना कांड संख्या 68/26 के मामले में हिलसा उपकारा में बंद है। उसे लूटकांड में रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ औंगारी थाना में चोरी और उत्पाद अधिनियम, एकंगरसराय थाना में आर्म्स एक्ट तथा नूरसराय थाना में लूट से संबंधित मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में परवलपुर, पीरविगहा और औंगारी थानों की पुलिस के साथ जिला सूचना इकाई (डीआईयू) की टीम शामिल रही। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
