बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : सुनने पढ़ने में तो यह घटना अजीब सी लगेगी, लेकिन सोलहों आने सच है। आमतौर पर प्रेम प्रसंग के मामले में अब तक युवतियां ही छली जाती रहीं हैं, लेकिन यहां कुछ उल्टा हुआ। नालंदा जिले की जिस युवती का इंस्टाग्राम पर शेखपुरा के युवक से मोहब्बत हुई, उसकी ही उल्टी गिनती शुरू हो गई।
हां हुआ यह कि कथित प्रेमिका ने अपने आशिक को घर बुलाया और उसके मां-बाप से 6 लाख की फिरोती मांग ली। मामला थाना पुलिस तक पहुंचा । इस घटना की चारों ओर चर्चा है। अक्सर युवक ही युवतियों को प्रेम जाल में फंसा कर ब्लैकमेल करते रहे हैं। लेकिन यहां उल्टी गिनती शुरू हो गई।
वह भी आशिक की। हालांकि इस मामले में नालंदा पुलिस ने फौरी कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है एवं तथाकथित प्रेमिका की गिरफ्तारी भी पूरी कर ली है।
संध्या ने बॉयफ्रेंड के सहयोग से रची थी साजिश
दरअसल संध्या नाम की लड़की अपने बॉयफ्रेंड के सहयोग से शेखपुरा के युवक को किडनैप करने की साजिश रची थी। संध्या ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया है कि इंस्टाग्राम पर लव स्टोरी की स्क्रिप्ट लिखने के बाद युवक को नालंदा बुलाया गया।
जहां उसका अपहरण उसके बॉयफ्रेंड द्वारा किया गया। संध्या अपने बयान में बताती है कि मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावां गांव निवासी लड्डू गोपाल का बेटा एवं गिरियक थाना क्षेत्र के चोरसुआ गांव निवासी हेमंत पासवान का बेटा सोनू उर्फ नट्टू की मिली भगत से पूरे वारदात को अंजाम दिया गया था।
पावापुरी ओपी की पुलिस ने घटना की जानकारी के बाद महज 6 घंटे के भीतर ही अपहृत युवक को बरामद कर लिया। इस मामले में फिलहाल तथाकथित प्रेमिका संध्या की गिरफ्तारी हो पाई है। शेष की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
