बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और हाल के वर्षों की उपलब्धियों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 25 जुलाई 2026 को नालंदा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सारा अशरफ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य स्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण भी दिखाया जाएगा।
कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, जिला परिषद के पदाधिकारियों, नगर निकायों के प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों तथा आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर जिले में बीते वर्षों के दौरान विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हुए कार्यों को रिपोर्ट कार्ड, पुस्तिका और लघु डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रमुख उपलब्धियों में सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), नए डिग्री कॉलेजों का संचालन, बिहार स्कूल लाइव क्लासेज, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, नए राशन कार्ड का निर्माण, सहयोग शिविरों में प्राप्त एवं निष्पादित आवेदन, पंचायत विकास दिवस, आयुष्मान भारत एवं मुख्यमंत्री जन-आरोग्य योजना, प्रगति यात्रा एवं समृद्धि यात्रा के तहत शिलान्यासित योजनाओं की प्रगति, पर्यटन, उद्योग, निवेश, रोजगार सृजन सहित विभिन्न विभागों की उपलब्धियां शामिल रहेंगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रम की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने तथा अपनी-अपनी विभागीय उपलब्धियों का संकलन एवं प्रभावी प्रस्तुतीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का उद्देश्य इस कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों को सरकार की विकास योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना है।
