Bihar News : ग्रामीण सड़कों पर 30 हजार से अधिक जेब्रा क्रॉसिंग बनकर तैयार

पटना
  • 36 हजार 891 स्थलों की हुई पहचान, 82 प्रतिशत कार्य पूर्ण
  • स्कूल, अस्पताल और जंक्शन के समीप विशेष फोकस

बीपी डेस्क। बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध आवागमन के साथ सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण कार्य विभाग ने व्यापक पहल की है। ग्रामीण पथों पर पैदल चलने वाले यात्रियों विशेषकर विद्यालय जाने वाले बच्चों, अस्पताल जाने वाले मरीजों और बुजुर्गों की सुरक्षा के मद्देनजर विभाग द्वारा बड़े पैमाने पर जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण कराया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा दुर्घटनाओं की आशंका को न्यूनतम करने के लिए ग्रामीण पथों के अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यस्त जंक्शनों, विद्यालयों, अस्पतालों, प्रखंड मुख्यालयों और अन्य प्रमुख स्थानों के समीप कुल 36,891 स्थानों की पहचान की गई है।

इनमें अबतक 82 प्रतिशत से अधिक स्थलों पर कार्य पूर्ण करते हुए कुल 30,377 जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण पूरा किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त शेष बचे 6,514 चिन्हित स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है और इसे जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा इन नव-निर्मित जेब्रा क्रॉसिंग की जियो-टैगिंग भी अनिवार्य रूप से की जा रही है। इस क्रम में अबतक 21,764 से अधिक जियो-टैग तस्वीरें विभागीय पोर्टल पर अपलोड की जा चुकी हैं, जिससे निगरानी एवं मूल्यांकन की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हुई है।

ग्रामीण कार्य विभाग न सिर्फ सुदूर गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने के लिए संकल्पित है। बल्कि, उन सड़कों पर चलने वाले आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।