-ट्रिपल आई से विशेष निगरानी की विशेष व्यवस्था
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय। 22 जनवरी 2026 नालंदा के जिलाधिकार कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में सरस्वती पूजा एवं शब -ए – बारात के अवसर पर जिले भर में विधि व्यवस्था संधारण के लिए संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
सरस्वती पूजा के दौरान संभावित भीड़ तंत्र पर नियंत्रण, पूजा पंडालों की व्यवस्था, जुलूस विसर्जन मार्ग, यातायात प्रबंधन, विद्युत सुरक्षा, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
डीएम ने कहा कि जिलेभर में सरस्वती पूजा एवं शब ए बारात पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराया जाए । सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा के अवसर पर जिले भर में विधि व्यवस्था, शांति व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करेंगे, शत-प्रतिशत पूजा पंडालों का लाइसेंस निर्गत करेंगे साथ ही पूजा पंडालों का पूर्व निरीक्षण सुनिश्चित करेंगे तथा अग्नि सुरक्षा एवं विद्युत सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन करेंगे।
उन्होंने कहा कि शांति समिति के साथ बैठक सुनिश्चित करेंगे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से मेंबर्स का आधार कार्ड पहचान पत्र ,मोबाइल नंबर हर हाल में प्राप्त करेंगे।जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में घटित घटनाओं वाले क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जाए, लाइसेंस निर्गत करते समय पूजा संचालकों के साथ ग्रुप फोटोग्राफी करना सुनिश्चित करेंगे,
डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रखेंगे, अश्लील गानों पर रोक लगाएं ,भीड़ तंत्र पर नियंत्रण हेतु सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं, विसर्जन मानक रूट के अनुसार ही सुनिश्चित करेंगे साथ ही विसर्जन जुलूस का ड्रोन से शत प्रतिशत निगरानी सुनिश्चित करेंगे , साथ ही वीडियोग्राफी भी अवश्य कराएंगे।
एक्साइज सुपरिंटेंडेंट को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों यथा शराब, ड्रग्स सप्लाई करने वालों एवं सेवन करने वालों को पर विशेष निगरानी रखेंगे ।आगामी पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था, शांति व्यवस्था ,सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ीकरण को लेकर बिहारशरीफ शहरी क्षेत्रों में लगभग 600 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं,
नगर निगम बिहार शरीफ अवस्थित ट्रिपल आई से विशेष निगरानी सुनिश्चित की गई है इसके लिए एक विशेष टीम भी बनाई गई है।निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा के अवसर पर जुम्मे की नमाज के समय विशेष सतर्कता एवं चौकसी बरतेंगे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों की पहचान कर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा , मनचलों पर विशेष चौकसी बरती जाएगी, सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की ग़लत अफवाह या भ्रामक सूचना फैलने से रोका जा सके। इस अवसर पर नगर आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता राजस्व , विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा, नजारत शाखा उपसमाहर्ता , सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,सभी संबंधित विभाग के पदाधिकारी गण सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी,अंचलाधिकारी , थानाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।
