फूड प्रोसेसिंग और फैब्रिकेशन इकाइयों से मिलेगा रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने पर रहेगा जोर
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिले में औद्योगिक विकास को नई गति देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी उदिता सिंह ने गुरुवार को इस्लामपुर प्रखंड के ब्रह्मगावां में प्रस्तावित 564 एकड़ में बनने वाले औद्योगिक क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्थानीय ग्रामीणों और किसानों से संवाद कर परियोजना की जानकारी दी तथा उनके सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने से स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार आएगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र में कृषि आधारित फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स, जनरल फैब्रिकेशन यूनिट्स तथा अन्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) स्थापित किए जाएंगे। इससे स्थानीय कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन होगा, वहीं छोटे एवं मध्यम उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।
डीएम उदिता सिंह ने कहा कि इस परियोजना से हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जिससे पलायन पर रोक लगेगी। साथ ही फूड प्रोसेसिंग इकाइयों के माध्यम से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के विकास के साथ सड़क, बिजली, जलापूर्ति और परिवहन जैसी आधारभूत सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि ब्रह्मगावां का प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र नालंदा को औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा और जिले में निवेश व आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगा।
