नालंदा: डीएम ने जन-सुनवाई में 36 शिकायतों पर तय की अधिकारियों की जवाबदेही

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जन-सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी उदिता सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे 36 फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जन-सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, नहर में खाड़ होने, सरकारी मापी के बाद लगाए गए पिलर उखाड़ने, आम रास्ते पर अतिक्रमण, जमाबंदी निरस्तीकरण, शस्त्र लाइसेंस निर्गत करने तथा अन्य राजस्व संबंधी मामलों पर सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष, पारदर्शी और विधि-सम्मत निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जमीन बिक्री के बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा सरकारी मापी के बाद लगाए गए पिलर उखाड़ने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) को मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

भूमि विवाद एवं जमाबंदी निरस्तीकरण से जुड़े मामलों में जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को अभिलेखों की गहन जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने का आदेश दिया। वहीं, आम रास्ते पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित करने की शिकायत पर भी लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को तत्काल कार्रवाई कर रास्ता अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए गए।

जन-सुनवाई में प्राप्त अन्य सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक आवेदन पर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित कर शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान करें।