बीपी डेस्क। गोपालगंज में डेढ़ साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना को लेकर RJD के कार्यकारी अध्यक्ष व बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस घटना को पूरे बिहार के लिए ‘आपातकालीन परिस्थिति’ करार देते हुए कहा कि एनडीए शासन में राज्य की बच्चियां पूरी तरह असुरक्षित हो गई हैं।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि गोपालगंज में एक बार फिर डेढ़ साल की बच्ची के साथ रेप की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि सत्ता-संरक्षित अपराधियों द्वारा प्रतिदिन की जा रही आपराधिक घटनाएं अब असहनीय, पीड़ादायक, डरावनी और सिहरन पैदा करने वाली हो चुकी हैं।
राजद नेता ने कहा कि मशीन और मशीनरी के दम पर सत्ता में आई मदमस्त एनडीए सरकार को अब जागना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के नेता और मंत्री विपक्ष पर बयानबाजी करने के बजाय जनहित से जुड़े मुद्दों, जैसे बदहाल शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और कानून-व्यवस्था पर ध्यान दें।
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में सरकार को चेताते हुए लिखा कि तंत्र के सहारे सत्ता में आई सरकार को संभलना चाहिए और अपराधी ‘दानवों’ के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि बेटियों की जान बचाई जा सके।
उन्होंने लिखा है-संभलो तंत्र से जीती सरकार करो अपराधी दानवों का संहार बचाओ बेटियों की जान। इस बयान के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी माहौल एक बार फिर गरमा गया है और विपक्ष सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग कर रहा है।
