नालंदा : लोहे की रॉड से पत्नी की हत्या, वारदात के बाद फरार

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के रहुई बाजार स्थित वार्ड संख्या-1 में सोमवार की देर रात घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां पति ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

मृतका की पहचान रहुई बाजार निवासी रिंकी कुमारी (लगभग 30 वर्ष), पति पंकज राम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पति ने घर में रखी लोहे की रॉड से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण रिंकी कुमारी की मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल भेज दिया। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी एकत्र कर रही है। सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पति द्वारा लोहे की रॉड से पत्नी के सिर पर हमला कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है।

उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस घरेलू विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। परिजनों एवं स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

इस दर्दनाक घटना से पूरे रहुई बाजार में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा जांच में सहयोग करने की अपील की है। फिलहाल रहुई थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।