नालंदा को मिला नया पुलिस कप्तान: तेज-तर्रार IPS हृदय कांत संभालेंगे जिले की कमान

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहार सरकार के गृह विभाग ने राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इसी क्रम में 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी हृदय कांत को नालंदा का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वह फिलहाल पटना स्थित आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) में तैनात थे। वहीं, नालंदा के निवर्तमान एसपी भारत सोनी, जो 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, को सीवान का नया एसपी बनाया गया है। सीवान में हाल के कानून-व्यवस्था से जुड़े हालात को देखते हुए सरकार ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

आईए जानते हैं IPS हृदय कांत के सम्बन्ध में

मूल रूप से झारखंड के रहने वाले आईपीएस अधिकारी हृदय कांत अपनी कड़क कार्यशैली और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 201वीं रैंक हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया। एटीएस में तैनाती से पहले हृदय कांत अररिया और समस्तीपुर के एसपी तथा भागलपुर के एसएसपी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने नशा तस्करी, भू-माफियाओं और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में कई अभियान चलाए हैं। अब नालंदा जैसे महत्वपूर्ण जिले की पुलिसिंग की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।

नालंदा में इन चुनौतियों से होगा सामना
नालंदा को बिहार का बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिला माना जाता है। नए एसपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखना होगी। इसके साथ ही साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, बालू एवं अन्य अवैध कारोबार पर कार्रवाई, अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा, सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना, यातायात व्यवस्था को बेहतर करना, आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत करना जैसे मुद्दे भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हो सकते हैं।

पुलिसिंग में दिख सकता है बड़ा बदलाव

हृदय कांत की नालंदा में नियुक्ति के बाद पुलिस महकमे में भी सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। उनकी पिछली तैनातियों और कार्यशैली को देखते हुए माना जा रहा है कि जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को लेकर नई रणनीति देखने को मिल सकती है। अब देखना होगा कि नए पुलिस कप्तान पदभार संभालने के बाद नालंदा में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर किस तरह की रणनीति अपनाते हैं या बनाते हैं।