पुलिस ने एक युवक को दबोचा, दो देसी पिस्टल, एक कट्टा और 28 जिंदा कारतूस बरामद
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय इसलामपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता से बड़ी वारदात को अंजाम देने की कथित साजिश को नाकाम कर दिया गया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बौलीवाग से एक व्यक्ति को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो देसी निर्मित पिस्टल, एक देसी कट्टा और 28 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 की रात करीब 10:45 बजे सूचना मिली थी कि बौलीवाग में एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना वरीय अधिकारियों को देने के बाद निर्देशानुसार छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तत्काल बौलीवाग में घेराबंदी कर मो. शहवाजुद्दीन उर्फ मंटु (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, 7.65 एमएम के 15 जिंदा कारतूस तथा 8 एमएम के 13 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस मामले में इसलामपुर थाना कांड संख्या 463/26, दिनांक 04 सितंबर 2026, के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापामारी दल में थानाध्यक्ष रणविजय कुमार, पु.अ.नि. अरुण कुमार राय, रंजन कुमार चौधरी, पीटीसी संजय कुमार सहित शत्रुधन कुमार, पिंटु कुमार, राहुल कुमार, पप्पु कुमार, पवन कुमार और अमित कुमार शामिल थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
