बिहारशरीफ में मंत्री श्रवण कुमार का भव्य स्वागत, विपक्ष पर साधा निशाना

बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह जिला नालंदा पहुंचे मंत्री श्रवण कुमार का जदयू कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया। बिहारशरीफ स्थित परिषदन में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, बुके और नारों के साथ अपने लोकप्रिय नेता का अभिनंदन किया। इस दौरान पूरे परिसर में जदयू समर्थकों का उत्साह देखने लायक था।

मंत्री श्रवण कुमार ने परिषदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती और विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा लगाए गए परिवारवाद के आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि निशांत कुमार को मंत्रिमंडल में जगह मिलने के पीछे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कोई व्यक्तिगत भूमिका नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कभी भी अपने पुत्र निशांत कुमार को राजनीति में लाने को लेकर कोई विशेष रुचि नहीं दिखाई। बल्कि बिहार के युवाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता की लगातार मांग के बाद निशांत कुमार ने सार्वजनिक जीवन में आने का निर्णय लिया।

श्रवण कुमार ने कहा कि जब पश्चिम चंपारण से जनसंपर्क यात्रा की शुरुआत हुई थी, उस दौरान भी जगह-जगह आम लोगों और युवाओं ने निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में आने और सरकार में जिम्मेदारी देने की मांग की थी। जनता के इसी आग्रह और विश्वास को स्वीकार करते हुए उन्होंने राजनीति में कदम रखा है।

इसे परिवारवाद कहना पूरी तरह गलत और भ्रामक है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों की राजनीति परिवारवाद पर टिकी रही है, वही आज दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों द्वारा भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।

श्रवण कुमार ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के इशारे पर निशांत कुमार को डिप्टी मुख्यमंत्री बनाए जाने जैसी चर्चाएं जानबूझकर फैलाई गईं, लेकिन इन अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं थी। मंत्री ने कहा कि बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और जदयू संगठन गांव-गांव तक मजबूत हो रहा है। आने वाले दिनों में विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम और तेज गति से किया जाएगा।

इस मौके पर मौजूद जदयू कार्यकर्ताओं ने कहा कि मंत्री श्रवण कुमार का प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव तथा निशांत कुमार की युवा सोच आने वाले समय में न सिर्फ नालंदा बल्कि पूरे बिहार की राजनीति को नई दिशा देने का काम करेगी।

कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि दोनों नेताओं के नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी।इस अवसर पर बधाई देने वालों में संजयकांत सिन्हा संजय मुखिया सुरेश प्रसाद बब्लू पटेल उपेन्द्र दिलवाला अर्जुन कुशवाहा विकास कुमार अमरेन्द्र कुमार मुन्ना युगल किशोर प्रसाद राजेंद्र मुखिया प्रदीप मुखिया टुनटुन चंद्रवंशी सकलदीप कुमार रंजू देवी लक्ष्मण प्रसाद सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे