नालंदा: महिला आरक्षण केवल एक कानून नहीं, सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक बड़ा कदम: अनामिका पासवान

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय। शनिवार को बिहारशरीफ सर्किट हाउस में भाजपा नालंदा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान ने महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष और महागठबंधन पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि यह मुद्दा देश की “आधी आबादी” से जुड़ा हुआ है। इसे लेकर किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि देश में करीब 70 करोड़ महिलाओं की आबादी है, जिनके अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी को सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

अनामिका पासवान ने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के उद्देश्य से विशेष सत्र बुलाकर महिला आरक्षण बिल लाया, लेकिन दुर्भाग्यवश विपक्ष के विरोध के कारण यह बिल पास नहीं हो सका।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल नहीं चाहते कि महिलाएं आगे बढ़ें और राजनीति में अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज करें। उन्होंने आगे कहा कि इस मुद्दे को लेकर देश की महिलाएं आहत हैं, गुस्से में हैं और उनके अंदर आक्रोश है।

“जन आक्रोश मार्च” के माध्यम से इस नाराजगी को सामने लाया जा रहा है और महिलाओं के अधिकारों के लिए आंदोलन लगातार जारी है। भाजपा नेत्री ने महागठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे लोग जनसंख्या के आधार पर समाज को भ्रमित करने और लोगों को बरगलाने का काम कर रहे हैं, जबकि असली मुद्दा महिलाओं को उनका हक दिलाना है।

अनामिका पासवान ने यह भी कहा कि यदि महिला आरक्षण बिल 2029 के चुनाव तक लागू हो जाता है तो यह देश की महिलाओं के लिए ऐतिहासिक कदम होगा, लेकिन अगर इसमें देरी हुई तो 2034 तक इंतजार करना पड़ सकता है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण होगा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि हर हाल में इस बिल को लागू किया जाना चाहिए, ताकि महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने प्रधानमंत्री के संकल्प का भी जिक्र करते हुए कहा कि उनका स्पष्ट कहना है कि महिलाओं को उनके अधिकार हर हाल में दिलाए जाएंगे और इसी दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत है।

भाजपा कार्यकर्ता भी जमीनी स्तर पर महिलाओं को जागरूक करने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए अभियान चला रहे हैं। अंत में अनामिका पासवान ने कहा कि महिला आरक्षण केवल एक कानून नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिसे हर हाल में सफल बनाना जरूरी है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश्वर प्रसाद सिंह , जिला उपाध्यक्ष तेजस्विता राधा, साबो देवी, अरविंद पटेल, डा आशुतोष कुमार, जिला मंत्री रंजू कुमारी, अमरेश कुमार, अनूसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष मणिकांत पासवान, आई टी सेल जिला संयोजक अमित शान,

महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष पहेली राज, सीता देवी, बबीता देवी, खुश्बू कुमारी, सुनीता देवी, गौरी देवी, अनिता कुमारी, मोनी कुमारी, शिवशंकर प्रसाद, नूरसराय उत्तरी मंडल अध्यक्ष पियूष कुमार, राजीव कुमार, आलोक रंजन, बब्लू कुमार, आदित्य कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।