बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय: पटना निगरानी एवं अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने नालंदा जिले के राजगीर अनुमंडल अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी टीम ने जमीन के दस्तावेज में परिमार्जन के नाम पर 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपी कर्मचारी को धर दबोचा।
गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी की पहचान राजगीर अंचल कार्यालय में तैनात अखिलेश के रूप में की गई है। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से अंचल कार्यालय सहित पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छबीलापुर थाना क्षेत्र के रटना गांव निवासी राजीव कुमार ने पटना स्थित निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया था कि उनकी जमीन के परिमार्जन के लिए राजस्व कर्मचारी द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही है और बिना पैसे दिए काम नहीं करने की बात कही जा रही है। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद निगरानी विभाग ने मामला दर्ज किया और पूरी योजना के तहत कार्रवाई शुरू की।
जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद डीएसपी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामार दल का गठन किया गया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत निगरानी टीम ने छबीलापुर रोड स्थित लदुआ पुल के पास कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी अखिलेश साह को 45 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
रिश्वत की रकम भी मौके से बरामद कर ली गई है। फिलहाल निगरानी टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
