बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : तेलमर थाना क्षेत्र के बथानी पर गांव में चार वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के पिता सुनील मांझी पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप है कि पिता ने पहले मासूम को जमीन पर पटक दिया और उसकी मौत के बाद शव को गांव के बाहर फेंककर फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया।

मृतक की पहचान बथानी पर गांव निवासी सुनील मांझी के चार वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सोनू पिछले दो-तीन वर्षों से बीमारी और कुपोषण से पीड़ित था। आरोपी पिता के अनुसार, बुधवार को बच्चा खाना खा रहा था। कमजोरी के कारण वह उठ नहीं सका और बैठे-बैठे ही शौच व पेशाब कर दिया। इससे गुस्साए पिता ने उसे दो-तीन थप्पड़ मारा और उठा कर बच्चा को जमीन पर पटक डाला ।
आरोपी पिता का कहना है कि बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे पहले कल्याण बिगहा और फिर बिहारशरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां से रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
बच्चे की मौत के बाद परिजन कथित तौर पर डर गए और शव को गांव के बाहर फेंक दिया। कुछ ही देर में ग्रामीणों को इसकी जानकारी हो गई और गांव में शोर-शराबा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर तेलमर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।
तेलमर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर ने बताया कि शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजनों या अन्य किसी व्यक्ति की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
