बीपी डेस्क। बिहार सरकार के गृह विभाग की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि अब दो उपमुख्यमंत्रियों को Z केटेगरी की सुरक्षा दी जाएगी. यह फैसला सुरक्षा समिति की सलाह के बाद लिया गया है. सरकार के आदेश के अनुसार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को यह सुरक्षा दी गई है.
दोनों नेता सरकार में अहम जिम्मेदारी निभा रहे हैं. इसलिए उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है. Z केटेगरी की सुरक्षा मिलने का मतलब है कि अब उनके साथ ज्यादा सुरक्षाकर्मी रहेंगे. उनके घर, यात्रा और कार्यक्रमों में कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी तरह की समस्या न हो. सरकार ने पुलिस और संबंधित विभागों को तुरंत यह व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया है.
Z केटेगरी सुरक्षा क्या है जानिये?
Z केटेगरी की सुरक्षा भारत में बेहद उच्च स्तर की सुरक्षा मानी जाती है. यह सुरक्षा आमतौर पर वीआईपी और बड़े नेताओं को दी जाती है. इस सुरक्षा में कुल लगभग 22 सुरक्षाकर्मी शामिल होते हैं. इनमें 4 से 6 एनएसजी कमांडो रहते हैं, जबकि बाकी जवान दिल्ली पुलिस, सीआरपीएफ या आईटीबीपी के होते हैं.
इस सुरक्षा व्यवस्था में 24 घंटे निगरानी रखी जाती है. व्यक्ति के घर, यात्रा और सार्वजनिक कार्यक्रमों में कड़ी सुरक्षा तैनात रहती है. इसके साथ ही एस्कॉर्ट वाहन और आधुनिक हथियारों से लैस जवान भी मौजूद रहते हैं. यह सुरक्षा किसी भी खतरे से बचाव के लिए दी जाती है.
