बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशव्यापी “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” के शुभारंभ के अवसर पर सोमवार को नालंदा कॉलेज, बिहारशरीफ के सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया और युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार, उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) रंजन कुमार चौधरी, जिला युवा पदाधिकारी दीक्षा मिश्रा तथा नालंदा कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सुनीता सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” केवल एक जनजागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ तथा नशे से पूरी तरह मुक्त होना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर के हजारों विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के लाखों विद्यार्थी, माय भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक तथा अन्य युवा इस अभियान से जुड़े हैं। एक करोड़ से अधिक युवाओं की भागीदारी इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान कर रही है।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि आज के युवाओं को ड्रग्स एवं हर प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए। नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है तथा यह कई सामाजिक बुराइयों की जड़ है। उन्होंने कहा कि बिहार में लागू शराबबंदी सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम है, जिसे महिलाओं के व्यापक समर्थन से सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भी शराब जैसी सामाजिक बुराई के विरोधी थे। बिहार में शराबबंदी के समर्थन में बनी विश्व की सबसे बड़ी मानव श्रृंखला सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने यह भी कहा कि शराबबंदी के बाद राज्य में दूध, मिठाई और कपड़ों की बिक्री में वृद्धि हुई है, जो परिवारों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने छात्र-छात्राओं, युवाओं और उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
