मोतिहारी, राजन द्विवेदी। पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल में पत्रकार जयप्रकाश गुप्ता के दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर कथित विद्वेषपूर्ण कार्रवाई किए जाने के मामले की जांच के लिए मोतिहारी प्रेस क्लब की टीम 28 अक्टूबर को रक्सौल जाएगी। क्लब ने पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी से जांच में प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित करने और टीम को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजय कौशिक के आवास पर शनिवार को आयोजित बैठक में इस मामले पर गंभीर चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से शिकायत की निष्पक्ष जांच कराने का निर्णय लिया गया। इसके लिए क्लब के उपाध्यक्ष नरेंद्र झा के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है। टीम घटनास्थल पर जाकर मामले के तथ्यों की पड़ताल करेगी और अपनी रिपोर्ट क्लब अध्यक्ष को सौंपेगी। इसके बाद जिलाधिकारी को मांग पत्र समर्पित कर आगे की कार्रवाई की मांग की जाएगी।
प्रेस क्लब की ओर से जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र के अनुसार, रक्सौल में कार्यरत पत्रकार जयप्रकाश गुप्ता ने नगर परिषद से संबंधित खबर प्रकाशित एवं प्रसारित की थी। यह खबर तिरंगा स्थापना पर खर्च की गई राशि से जुड़ी थी। इस संबंध में उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत भी जानकारी मांगी थी। गुप्ता की शिकायत है कि इससे नाराज होकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बिना किसी नोटिस या पूर्व सूचना के उनके दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर विद्वेषपूर्ण कार्रवाई कराई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठानों और वहां रखे सामान को क्षति पहुंचाई गई, आर्थिक रूप से दंडित किया गया तथा कई सामान जब्त कर लिए गए, लेकिन उनकी जब्ती सूची उपलब्ध नहीं कराई गई। प्रेस क्लब ने शिकायत की प्रकृति को गंभीर मानते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने का फैसला किया है।
क्लब ने पत्रकारों की बैठक और उसमें लिए गए निर्णय की जानकारी एक पत्र के माध्यम से देते हुए जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि अनुमंडलाधिकारी रक्सौल, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को जांच टीम को आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया जाए। साथ ही, जांच के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रक्सौल को भी निर्देशित करने की मांग की गई है।
प्रेस क्लब ने स्पष्ट किया है कि पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और उनके पेशेवर दायित्वों के निर्वहन में बाधा डालने के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। बैठक में कहा गया कि प्रशासनिक दबाव के जरिए पत्रकारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों का विधिसम्मत प्रतिकार किया जाएगा।
बैठक में संजय कौशिक, नरेंद्र झा, राकेश कुमार, राजनदत्त द्विवेदी, ज्ञानेश्वर गौतम, सचिन पांडेय, कैलाश गुप्ता, ब्रजेश झा, अंशारुल हक, रजनीश कुमार, अमरजीत कुमार सिंह, रोहित कुमार, अरुण सिंह, डी.एन. कुशवाहा, निर्भय रंजन, दीपक कुमार, मोहम्मद आशिफ, कमाल इस्लाम, जयप्रकाश गुप्ता और शैलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में डिजिटल मीडिया के पत्रकार उपस्थित थे।
