बीपी डेस्क।“अष्टादश बिहार विधान सभा के सत्र के दौरान आज सदन में कृषि विभाग से संबंधित विभिन्न प्रश्नों पर माननीय कृषि मंत्री, बिहार सरकार श्री राम कृपाल यादव ने विस्तारपूर्वक उत्तर प्रस्तुत किए।” इस क्रम में सदस्य श्री श्याम रजक एवं श्री अमरेन्द्र कुमार द्वारा राज्य में मण्डियों के निर्माण तथा दाल उत्पादन से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनका उत्तर कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने सदन में विस्तारपूर्वक दिया।
कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने फसलों के क्रय-विक्रय हेतु मंडी निर्माण से संबंधित प्रश्न के उत्तर में सदन को अवगत कराया कि पटना जिला अंतर्गत पटना सिटी, मुसल्लहपुर, दानापुर, बिहटा, फतुहाँ, बाढ़ एवं मोकामा में कृषि बाजार प्रांगण स्थापित हैं।
उन्होंने बताया कि फुलवारी एवं पुनपुन प्रखंड के किसानों के लिए निकटवर्ती मुसल्लहपुर बाजार प्रांगण उपलब्ध है, जिससे किसानों को अपनी उपज के विपणन में सुविधा प्राप्त हो रही है।
मंत्री ने आगे बताया कि प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर ग्रामीण मंडियों के सुदृढ़ीकरण का कार्य राज्य सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के अंतर्गत किया जा रहा है। इस क्रम में पुनपुन प्रखंड स्थित जाहिदपुर ग्रामीण मंडी को भी सुदृढ़ किए जाने की योजना शामिल है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार राज्य कृषि उपज बाजार (निरसन) अधिनियम, 2006 लागू होने के उपरांत बाजार समितियों को निरसित कर दिया गया है। ऐसी स्थिति में नई मंडियों के निर्माण के स्थान पर पुरानी एवं जर्जर मंडियों के जीर्णाेद्धार तथा प्रखंड स्तरीय हाट-बाजार एवं ग्रामीण मंडियों के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि ग्रामीण मंडी विकास के अंतर्गत राजस्व विभाग की सूची में पुनपुन के जाहिदपुर मंडी को विकसित करने की योजना है, जबकि फुलवारी प्रखंड के हिन्दुनी को हाट-बाजार एवं मेला के तहत प्राप्त सूची में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में नई मंडी के निर्माण का कोई प्रस्ताव सरकार के समक्ष विचाराधीन नहीं है।
मंत्री ने बताया कि पटना जिला के मुसल्लहपुर एवं बिहटा बाजार प्रांगण के आधुनिकीकरण का कार्य बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, पटना द्वारा कराया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा इस कार्य की निरंतर समीक्षा की जा रही है, ताकि आधुनिकीकरण एवं विकास के उपरांत इन बाजार प्रांगणों का लाभ पटना, फुलवारी शरीफ एवं पुनपुन के किसानों को बेहतर ढंग से मिल सके।
कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने दाल उत्पादन से संबंधित प्रश्न के उत्तर में सदन को अवगत कराया कि बिहार राज्य के परिप्रेक्ष्य में दलहन फसलें प्रोटीन का प्रमुख स्रोत हैं। उन्होंने बताया कि National Institute of Nutrition के अनुसार प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 25 ग्राम दाल की आवश्यकता होती है।
मंत्री ने कहा कि दलहन उत्पादन में वृद्धि के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा कृषि रोडमैप के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दलहन फसलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री द्वारा दलहन की खेती को प्राथमिकता देते हुए चालू वर्ष में विशेष “दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन” लागू किया गया है, जिसके लिए 93.75 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त राज्य योजना के अंतर्गत 30 करोड़ रुपये व्यय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
माननीय मंत्री ने बताया कि दलहन बीज प्रणाली को सुदृढ़ करने हेतु बीज उत्पादन की कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके अंतर्गत 45,922 क्विंटल प्रमाणित बीज एवं 2,043 क्विंटल आधार बीज का उत्पादन किया जाएगा।
साथ ही 1,15,742 क्विंटल उच्च गुणवत्ता वाले बीज किसानों को अनुदानित दर पर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे लगभग 4.14 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में दलहनी फसलों का विस्तार संभावित है। उन्होंने बताया कि प्रसंस्करण एवं विपणन को बढ़ावा देने हेतु दलहन प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना सहित विभिन्न उपाय किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि आगामी पाँच वर्षों में दलहन उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने हेतु दलहन आच्छादन को 4.48 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 9.19 लाख हेक्टेयर तथा उत्पादन 3.93 लाख मीट्रिक टन को बढ़ाकर 11.27 लाख मीट्रिक टन तक ले जाने की कार्ययोजना पर कार्य किया जा रहा है।
