बीपी डेस्क। बिहार विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है. विपक्ष के विधायकों की तरफ से सदन के अंदर और बाहर अपराध से जुड़े मुद्दे को उठाया गया. सदन के अंदर महिलाओं के साथ अपराध और बढ़ते क्राइम का जमकर विरोध किया गया. इसके साथ ही सदन के बाहर विपक्ष के विधायकों ने पटना में एनकाउंटर को लेकर जमकर भड़ास निकाली.
पटना में कुख्यात अपराधी सूर्या डॉन के एनकाउंटर पर राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा, मोकामा, बाढ़ और नालंदा से अपराध डील हो रहा है. अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा. रायफल बंदूक वाला सिपाही उनको देकर रखा गया है. सरकार अपराधियों को संरक्षित कर रही है. मैं जाति और धर्म के खिलाफ हूं लेकिन केवल एक ही जाति के लोग अपराधी हैं.
हत्या कर रहा राम और फंसाया रहीम को जा रहा है. इसके साथ ही सीपीएम विधायक अजय कुमार ने कहा, बिहार के अंदर जाति की जड़ बहुत मजबूत है. जाति के आधार पर बिहार के अंदर संरक्षण दिए जाते हैं. ऐसा नहीं है कि सिर्फ ‘यादव’ के अंदर अपराध है या ‘मुस्लिम’ के अंदर अपराध है. किस जाति में अपराधी नहीं हैं.
बड़े-बड़े अपराधी हैं. मेरा कहना है अपराधियों के बीच भेदभाव नहीं करना चाहिए. इससे गलत संदेश जाता है. बुधवार की सुबह पटना में कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या डॉन का पुलिस ने एनकाउंटर किया. मामला गायघाट इलाके का है.
अपराधी को पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एनएमसीएच में एडमिट कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, सूर्या डॉन पर डकैती, लूट, चोरी, अवैध हथियार रखने समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. ऐसे में इस मामले को लेकर विपक्ष के विधायकों ने सरकार को घेरा.
