नालंदा: वर्ष की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर बिहारशरीफ न्यायालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की बैठक आयोजित

Uncategorized

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय: में आगामी 14 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाली पहली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) ने एक महत्वपूर्ण बैठक की है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष गुरविंदर मल्होत्रा के निर्देशन में इस बैठक का आयोजन किया गया।

सचिव राजेश कुमार गौरव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सुलहनीय मामलों के निपटारे और बैंक अधिकारियों के साथ रणनीति पर चर्चा की गई। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजेश कुमार गौरव ने बताया कि आज की इस आयोजित बैठक में बैंक ऋण से संबंधित मामलों पर संबंधित बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष जानकारी ली गई।

उन्होंने कहा कि बैंक ऋण के अलावे आम जनता न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के मामले, माप- तौल अधिनियम मामले, राजस्व मामले, मनरेगा के मामले, सर्विस संबंधित मामले, भू अर्जन से संबंधित आपदा प्रबंधन मामले का समझौता के आधार पर भी निस्तार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बिहारशरीफ एवं राजगीर अनुमंडल क्षेत्र से संबंधित सभी तरह के सुलहनीय मामले सिविल कोर्ट बिहारशरीफ में तथा हिलसा अनुमंडल क्षेत्र के सभी तरह के सुलहनीय मुकदमे का निष्पादन हिलसा व्यवहार न्यायालय में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में किया जाएगा।

14 फरवरी 2026 को व्यवहार न्यायालय, बिहारशरीफ में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य लोक अदालत में सुलहनीय मामलों (बैंक, बिजली, आपराधिक, आदि) को अधिक से अधिक निष्पादित करना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने अधिकारियों को मामलों को सुलझाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुलहनीय मामलों के माध्यम से लंबित मुकदमों की संख्या कम करने पर जोर दिया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की गाइडलाइन के अनुसार किया जा रहा है ताकि आम जनता को समय पर न्याय और राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *