सेंट्रल डेस्क। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने बताया, उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ विशिष्ट प्रस्ताव लाने के लिए एक नोटिस दिया है. उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की सदन की सदस्यता रद्द करने और उन्हें आजीवन चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित करने की मांग की है.
नोटिस में जिक्र किया गया है कि कैसे राहुल गांधी सोरोस फाउंडेशन, फोर्ड फाउंडेशन, यूएसएड के साथ मिलकर थाईलैंड, कंबोडिया, वियतनाम, अमेरिका जाते हैं और किस तरह भारत विरोधी ताकतों के साथ मिले हुए रहते हैं. संसद परिसर में पीटीआई से बात करते हुए दुबे ने कहा कि उन्होंने अपने नोटिस में कहा है कि कैसे नेता प्रतिपक्ष विदेश जाते हैं और भारत विरोधी तत्वों के साथ सांठगांठ करते हैं.
दुबे ने कहा, कोई विशेषाधिकार हनन नोटिस नहीं दिया है. मैंने एक विशिष्ट प्रस्ताव लाने के लिए नोटिस दिया है. उन्होंने कहा, मैं उनकी तरह नियम-कानून की हत्या करने वाला नहीं हूं. मैंने एक विशिष्ट प्रस्ताव के लिए नोटिस दिया है. विशिष्ट प्रस्ताव का नोटिस स्वतंत्र होता है, जिसे सदन की मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाता है, और जिसे किसी फैसले या राय को दर्शाने के लिए तैयार किया जाता है.
राहुल गांधी के खिलाफ नोटिस के बारे में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, राहुल गांधी ने कौन सा विशेषाधिकार हनन किया है? पिछली बार उन्होंने उनकी सदस्यता खत्म कर दी थी. उसके बाद क्या हुआ? जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से भी ज्यादा वोटों से जिताया. उन्होंने कहा, अगर सरकार हमें फांसी पर चढ़ाना चाहते हैं तो उसके लिए भी हम तैयार हैं… हमें किसी भी प्रस्ताव नहीं डरते , हम संसद में सच बोलते रहेंगे.
