दरभंगा के असिस्टेंट जेल सुपरिटेंडेंट की पत्नी ने की आत्महत्या

Uncategorized
  • मायके वालों ने पति समेत ससुराल वालों पर लगाया हत्या करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

बीपी डेस्क। बिहार के समस्तीपुर से बड़ी खबर है, जहां एक महिला ने आत्महत्या कर ली है। उसका शव संदिग्ध हालत में मिला है। मृत महिला दरभंगा जेल के असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट पद पर तैनात नंदू चौधरी की पत्नी बताई जा रही है। हालांकि इस मामले में मृत महिला के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।

वहीं, सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर गांव की है। मृतक महिला की पहचान गांव के राम अनुज चौधरी की पुत्रवधू और दरभंगा जेल के सहायक जेल अधीक्षक नंदू चौधरी की पत्नी श्वेता कुमारी (28) के रूप में हुई है।

ससुराल पक्ष का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उसी के बाद गुस्से में आकर उसने ये कदम उठाया। हालांकि पटना स्थित अगमकुंआ में रहने वाले मृतक के बड़े भाई शशिभूषण चौधरी ने जीजा और उसकी फैमिली पर कत्ल का इल्जाम लगाया है।

उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बहन श्वेता की शादी 31 मई 2023 को शेरपुर निवासी राम अनुज चौधरी के बेटे नंदू चौधरी से हुई थी। शादी के समय अपनी क्षमता के अनुसार कैश, कार और अन्य सामान दिए थे। लेकिन कुछ ही दिनों बाद नंदू और उसके परिवार के लोग दहेज के रूप में रकम की मांग करने लगे।

मृतक के भाई ने बताया कि दहेज में फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग को लेकर श्वेता को लगातार परेशान किया जाता था। उसने कई बार अत्याचार की शिकायत की. इसको लेकर पारिवारिक स्तर से समझौता भी हुआ। लेकिन, इसी बीच अचानक बुधवार की सुबह सूचना मिलने पर जब हम शेरपुर गांव आए तो देखा कि मेरी बहन की हत्या कर दी गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर हत्या को आत्महत्या का रूप दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए समस्तीपुर भेजकर छानबीन शुरू कर दी है। एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे और जरूरी कार्रवाई का निर्देश दिया है। इस दौरान थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोट आने के बाद ही हत्या अथवा आत्महत्या का मामला स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *